🔳 शिक्षा विभाग के खिलाफ निकाला गुबार, बीइओ कार्यालय घेरा
🔳 विद्यालय में नौ प्रवक्ताओं के पद रिक्त होने पर जताया रोष
🔳 अभिभावकों ने लगाया बेटियों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
🔳 मुख्य शिक्षा अधिकारी के आदेशों को बताया हवा हवाई
🔳 जल्द तैनाती न होने पर आंदोलन का ऐलान
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के पद रिक्त पड़े होने से आखिरकार अभिभावकों व छात्राओं का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। विद्यालय से मुख्य बाजार होते हुए खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे अभिभावकों व छात्राओं ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर गुबार निकाला। आरोप लगाया कि लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। मुख्य शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भेज जल्द प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग दोहराई। सुध न लेने पर आंदोलन का ऐलान किया।
गुरुवार को बेतालघाट क्षेत्र में शिक्षा विभाग के खिलाफ अभिभावक सड़क पर उतर आए। सूचना पर जीजीआइसी में अध्ययनरत छात्राओं ने भी अभिभावकों के कंधे से कंधा मिलाकर शिक्षा विभाग के खिलाफ रोष जताया। अभिभावकों व छात्राओं ने बाजार क्षेत्र में जुलूस निकाल खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। आरोप लगाया कि जीजीआइसी बेतालघाट में अध्ययनरत छात्राओं की आंखें शिक्षिकाओं के इंतजार में पथरा गई है। कुछ दिनों पूर्व छात्राओं ने महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं व अन्य विषयों की शिक्षिकाओं के पद रिक्त पड़े होने से शिव मंदिर पहुंचकर नारेबाजी कर रोष जताया। नारेबाजी की गूंज शिक्षा विभाग के अफसरों के कानों तक पहुंची तो मुख्य शिक्षा अधिकारी आरएस नेगी ने आनन फानन में महत्वपूर्ण विषयों की सात शिक्षिकाओं को जीजीआइसी में तैनाती के आदेश भी जारी कर दिए बावजूद एक भी शिक्षिका ने जिम्मेदारी नहीं संभाली है। अभिभावकों ने कहा कि शिक्षा विभाग की लचर कार्यप्रणाली व बेतालघाट स्थित जीजीआइसी की अनदेखी से विद्यालय में नौ महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के पद रिक्त हैं। परीक्षाएं सिर पर है। छात्राओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारी उपेक्षा पर आमादा है। सरकार के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के दावों की भी धज्जियां उड़ाई जा रही है। छात्राओं ने प्रवक्ताओं की तैनाती न होने पर नारेबाजी कर गहरा रोष जताया। बाद में मुख्य शिक्षा अधिकारी को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भेजकर जल्द प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग उठाई। दो टूक चेतावनी दी कि यदि छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया तो धरना शुरु कर दिया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य नीमा देवी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिलिप सिंह पडियार, एसएमसी अध्यक्ष जीवंती देवी, पूर्व अध्यक्ष सुरेश चंद्र, अंजू जलाल, शांति देवी, जानकी देवी, अनीता देवी, पूजा, राधा, पार्वती देवी, शेखर दानी, तारा भंडारी समेत तमाम अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!